पंचायत रत्न सम्मान मिलने पर ग्राम प्रधान मनोज कुमार साहनी का भव्य स्वागत
उसका बाजार, सिद्धार्थनगर। विकास खंड उसका बाजार की ग्राम पंचायत हाथिवडताल के ग्राम प्रधान-प्रशासक मनोज कुमार साहनी को वर्ष 2026 में पंचायत रत्न सम्मान मिलने के बाद गांव में प्रथम आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। प्रधान संघ के पदाधिकारियों एवं ग्रामवासियों ने पंचायत भवन पर फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।
इस दौरान ग्राम प्रधान-प्रशासक मनोज कुमार साहनी ने बताया कि सिद्धार्थनगर जिले से उन्हें पंचायत रत्न सम्मान के लिए चयनित किया गया था। आजमगढ़ के भीमा पार्क में आयोजित कार्यक्रम में देश के विभिन्न प्रदेशों से चयनित पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए डबल स्टोरी पंचायत भवन का निर्माण कराया गया है। पंचायत भवन में लाइब्रेरी, ऑनलाइन एवं ऑफलाइन पढ़ाई की सुविधा, सीसीटीवी कैमरा और वाई-फाई समेत कई सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही पुलिस, लेखपाल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य विभाग और ग्राम पंचायत अधिकारी के बैठने की व्यवस्था भी की गई है। निर्धारित दिनों में विभिन्न विभागों के कर्मचारी पंचायत भवन में बैठकर ग्रामीणों को सेवाएं उपलब्ध कराते हैं। ग्राम प्रधान ने बताया कि पंचायत भवन से आय, जाति, निवास, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और परिवार रजिस्टर से संबंधित सुविधाएं भी ग्रामीणों को मिल रही हैं। इसके अलावा पंचायत भवन के पास स्थित अनपुड़ा भवन के माध्यम से भी ग्रामीणों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पंचायत भवन के सामने स्थित पीएम श्री विद्यालय में भी लाइब्रेरी समेत कई सुविधाएं हैं। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए विद्यालय में भी डबल स्टोरी व्यवस्था की गई है। प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों की सुविधा के लिए एमडीएम सेट तैयार कराया गया है, जिससे बच्चे जमीन पर या खड़े होकर भोजन करने के बजाय मेज-कुर्सी पर बैठकर भोजन कर सकें। इस अवसर पर प्रधान संघ विकास खंड उसका बाजार के अध्यक्ष सोनू यादव, लवकुश राजभर, राम केवल, पवन रस्तोगी, उमेश पाण्डेय, बुधराम पासवान, विनय निषाद, रमेश पासवान, पन्नालाल पासवान सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।