भारी बारिश के बीच आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन, 24 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
सिद्धार्थनगर। कलेक्ट्रेट परिसर में बृहस्पतिवार को भारी बारिश के बीच आजाद समाज पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने 24 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेता चंद्रशेखर आजाद के समर्थन में नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। आजाद समाज पार्टी सिद्धार्थ नगर जिलाध्यक्ष राजेंद्र भारती ने कहा कि संगठन की ओर से 24 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने मंडल कमीशन की सभी सिफारिशें लागू करने तथा पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज के अधिकार सुनिश्चित करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान सफाई कर्मचारियों को आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई, ताकि उन्हें हाथ से गंदगी साफ न करनी पड़े। सीवर या सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान कर्मचारी की मृत्यु होने पर परिवार को 30 लाख रुपये मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की गई। इसके अलावा महिलाओं के लिए आरक्षण को 33 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने और उसमें कोटा व्यवस्था लागू करने की मांग रखी गई। धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कराने सहित अन्य मांगों को भी ज्ञापन में शामिल किया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि मांगों का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही और प्रदर्शन के दौरान आरक्षण, सामाजिक न्याय तथा दलित-पिछड़े वर्गों के अधिकारों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। इस कार्यक्रम में आजाद समाज पार्टी के सैकड़ो कार्यकर्ता मौजूद रहे