2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भारतीय सर्वजन पार्टी, पांचों विधानसभा क्षेत्रों में संगठन विस्तार पर जोर सिद्धार्थनगर। भारतीय सर्वजन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक निषाद ने दीपक कुमार निषाद को सिद्धार्थनगर जिले का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। जिलाध्यक्ष का पद मिलने के बाद दीपक कुमार निषाद ने जिले में संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्य तेज कर दिया है। जिलाध्यक्ष दीपक कुमार निषाद ने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसकी गरिमा को बनाए रखते हुए पूरे सिद्धार्थनगर जिले में संगठन का विस्तार किया जाएगा। जिले के प्रत्येक क्षेत्र में कार्यकर्ताओं को जोड़ने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर पार्टी को मजबूती के साथ चुनाव लड़ाने की तैयारी की जा रही है। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पांचों विधानसभा क्षेत्रों में संगठन के अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी गई है और सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर कार्य कर रहे हैं।
दीपक कुमार निषाद ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि प्रत्येक चुनाव में संगठन को मजबूत करते हुए जीत हासिल करना है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में भारतीय सर्वजन पार्टी को जिले से लेकर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक मजबूत संगठन के रूप में खड़ा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए लगातार सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। जिला मुख्यालय पर आयोजित बैठक में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन विस्तार तथा आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा की। बैठक में पांचों विधानसभा क्षेत्रों के विधानसभा अध्यक्ष भी मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूती के दम पर पार्टी आने वाले समय में बड़ी राजनीतिक ताकत के रूप में उभरने का प्रयास करेगी। उनका लक्ष्य पार्टी को उच्च स्तर तक पहुंचाना और भविष्य में पार्टी के नेतृत्व में सरकार बनाने की दिशा में कार्य करना है।