योजना के लाभ, रोजगार के अवसर और पारदर्शी क्रियान्वयन पर हुई चर्चा
सिद्धार्थनगर, विकास खंड जोगिया की ग्राम पंचायत उदयपुर में शुक्रवार को रिफॉर्म उत्सव के तहत विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त/श्रम रोजगार संदीप कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग कर ग्रामीणों को वीबी-जी राम-जी योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के साथ ही विकास कार्यों में पारदर्शिता और ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने योजना के विभिन्न प्रावधानों, ग्रामीणों को मिलने वाले लाभ तथा रोजगार के अवसरों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर सरकारी योजनाओं के प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन के लिए ग्रामीणों से सक्रिय सहभागिता की अपील की। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने योजना से संबंधित अपनी जिज्ञासाएं और समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने उनकी समस्याओं को सुनकर आवश्यक जानकारी देते हुए समाधान का भरोसा दिलाया। बैठक में रिफॉर्म उत्सव के उद्देश्यों और ग्रामीण विकास में सुधारवादी नीतियों की भूमिका पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर बीडीओ रामानंद वर्मा, एपीओ मुकेश कुमार, दीपक कुमार श्रीवास्तव, पंचायत सचिव गौरव त्रिपाठी, ग्राम प्रधान गौरी प्रसाद, प्रधान प्रतिनिधि अंगद कुमार, रामविलाश, अनिल कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।