महात्मा गौतम बुद्ध उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में गांधी जी-शास्त्री जयंती पर हुआ भव्य आयोजन
सिद्धार्थनगर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर महात्मा गौतम बुद्ध उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में श्रद्धा और उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय संरक्षक एवं पूर्व विधायक कमला साहनी ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद विद्यालय के अध्यापकों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक राष्ट्रगान का गायन किया। ध्वजारोहण के बाद पूर्व विधायक कमला साहनी ने महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री तथा गांधी जी के विद्यार्थी और ‘छठे बेटे’ के रूप में विख्यात प्रभु दयाल विद्यार्थी की प्रतिमा एवं चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए। विद्यालय परिवार और छात्र-छात्राओं ने भी महापुरुषों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक कमला साहनी ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश की स्वतंत्रता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश देकर देश को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को महापुरुषों के आदर्शों और सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर उन्हें अपने जीवन में उतारना चाहिए। साथ ही उन्होंने स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि गांधी जी के विद्यार्थी प्रभु दयाल विद्यार्थी ने वर्ष 1967 में पिछड़े क्षेत्र के गरीब बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से इस विद्यालय की नींव रखी थी। उनका सपना था कि क्षेत्र के बच्चे शिक्षा प्राप्त कर आगे बढ़ें। महापुरुषों की जयंती मनाने का उद्देश्य केवल उन्हें याद करना नहीं, बल्कि उनके विचारों और आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की प्रबंधक माएरा प्रियदर्शीनी, प्रबंध समिति के सदस्यों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।