कपिलवस्तु विधानसभा में हुआ ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां का नाट्य मंचन
सिद्धार्थनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण एवं सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत शुक्रवार को कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र में ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ नाट्य मंचन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सिद्धार्थनगर रेलवे स्टेशन परिसर तथा नगरपालिका सिद्धार्थनगर में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष सतीश रस्तोगी ने की। नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की 25 वर्षों की यात्रा को संवाद, अभिनय, संगीत एवं प्रभावशाली मंचन के जरिए प्रस्तुत किया गया। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में उनकी भूमिका तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और शासन से जुड़े प्रसंगों को नाट्य रूपांतरण के माध्यम से दर्शकों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक श्याम धनी राही ने कहा कि ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण एवं जनसेवा से जुड़े प्रसंगों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी कार्यकर्ताओं एवं आयोजन समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद माधव, आशीष शुक्ला, अजय उपाध्याय, विधानसभा संयोजक उमेश साहू, सह-संयोजक अनुराग श्रीवास्तव, मनोज लोधी, मीडिया प्रभारी रमेश मणि त्रिपाठी, नागेंद्र विश्वकर्मा, प्रिंस पांडेय, जे.पी. मिश्रा, अमित गुप्ता, जंगबहादुर, जतिन चौबे, रामदरश, दिनेश यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम के समापन पर नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद माधव ने उपस्थित अतिथियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।