मुलायम सिंह यादव ने किया शिक्षक समाज का भला : संतोष यादव
सिद्धार्थनगर। गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी के समर्थन में शुक्रवार को शिक्षकों एवं समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व एमएलसी एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मंडल प्रभारी संतोष यादव उर्फ सनी ने शिक्षकों से डॉ. संजयन त्रिपाठी के पक्ष में समर्थन जुटाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के हित में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेताजी मुलायम सिंह यादव ने ऐतिहासिक कार्य किए थे। उन्होंने शिक्षकों के वेतन भुगतान की व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही उनकी सेवानिवृत्ति की आयु 60 वर्ष से बढ़ाकर 62 वर्ष करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया था। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के एक हजार विद्यालयों को अनुदान सूची में शामिल कर शिक्षकों के हितों की रक्षा करने का काम किया था।
संतोष यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा शिक्षक, नौजवान और कर्मचारी हितों के लिए संघर्ष करती रही है। शिक्षकों के सम्मान, अधिकार और समस्याओं के समाधान के लिए पार्टी प्रतिबद्ध है। उन्होंने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में डॉ. संजय त्रिपाठी को विजयी बनाने के लिए एकजुट होकर प्रयास करने का आह्वान किया।
बैठक में सपा जिलाध्यक्ष लालजी यादव, पूर्व विधायक अमर सिंह चौधरी, बेचई यादव, अजय चौधरी, प्रदीप पथरकट, राम सेवक लोधी, जोखन चौधरी, कमरुज्जमा खान, हरि नारायण यादव, धीरेन्द्र यादव, चंद्रमणि यादव, बहरैची प्रेमी, अखिलेश मौर्य, विजय चौधरी और चंद्रहास यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।