भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी में सिद्धार्थनगर के सात नेताओं को मिली जगह
पूर्व मंत्री जय प्रताप सिंह और सतीश चंद्र द्विवेदी समेत छह नेता बने सदस्य, संगठन को मजबूती मिलने की उम्मीद सिद्धार्थनगर।भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी में सिद्धार्थनगर जिले के सात नेताओं को जगह मिली है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से घोषित कार्यकारिणी में जिले के नेताओं को शामिल किए जाने से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। इसे जिले में संगठन की मजबूत भागीदारी के रूप में देखा जा रहा है।
प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल होने वालों में पूर्व मंत्री एवं बांसी विधायक जय प्रताप सिंह, पूर्व मंत्री डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष साधना चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद माधव, पूर्व जिलाध्यक्ष लालजी, दिलीप चतुर्वेदी और अशोक त्रिपाठी शामिल हैं।
जिले के छह नेताओं को प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारी मिलने से स्थानीय संगठन को मजबूती मिलने की उम्मीद है। अनुभवी नेताओं की प्रदेश कार्यकारिणी में मौजूदगी से जिले के कार्यकर्ताओं और प्रदेश नेतृत्व के बीच समन्वय बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है।
राजनीतिक दृष्टि से सिद्धार्थनगर पूर्वांचल में भाजपा के लिए महत्वपूर्ण जिला माना जाता है। ऐसे में जिले के नेताओं को प्रदेश कार्यकारिणी में प्रतिनिधित्व मिलने से संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने में मदद मिलने की संभावना है। पार्टी को उम्मीद है कि इन नेताओं का अनुभव आगामी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने में उपयोगी साबित होगा।